नेशनल हाई स्पीड रेल कार्पोरेशन लिमिटेड ने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (एमएएचएसआर सी-5 पैकेज) के लिए गुजरात राज्य में वडोदरा में एक एचएसआर स्टेशन सहित लगभग 8 किमी वायडक्ट के डिजाइन और निर्माण के लिए मैसर्स लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड के साथ आज एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
रेलवे के साथ निर्बाध एकीकरण सुनिश्चित करने के लिए, वडोदरा एचएसआर स्टेशन को भारतीय रेलवे के वडोदरा स्टेशन के मौजूदा प्लेटफॉर्म नंबर 7 के ऊपर बनाने की योजना है। इस एकीकरण के साथ, यात्रियों को एचएसआर और भारतीय रेलवे के बीच आसान स्थानांतरण की सुविधा मिलेगी।
अभी तक, एनएचएसआरसीएल द्वारा गुजरात राज्य में एमएएचएसआर (Mumbai-Ahmedabad High Speed Rail Corridor) संरेखण (alignment) के निर्माण के लिए 100% सिविल अनुबंध (कुल एमएएचएसआर कॉरिडोर के 508 किमी में से 352 किमी) किये जा चुके हैं, जिसमें आठ (08) एचएसआर स्टेशन (साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलीमोरा और वापी) तथा साबरमती और सूरत में दो रोलिंग स्टॉक डिपो शामिल हैं।
निदेशक (परियोजना), श्री राजेन्द्र प्रसाद और एनएचएसआरसीएल के अन्य निदेशकों और लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड के अधिकारियों ने अनुबंध पर हस्ताक्षर समारोह में भाग लिया।

