यात्रियों को बिना रुकावट कनेक्टिविटी और आसान आवाजाही की सुविधा देने हेतु बुलेट ट्रेन स्टेशनों पर मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन (एमएमआई) सुविधाएँ और आधुनिक स्टेशन प्लाज़ा बनाए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों को इस तरह किया जा रहा है कि लोग आसानी से स्टेशन पहुँच सकें और बुलेट ट्रेन स्टेशन तथा स्थानीय परिवहन के अलग-अलग साधनों के बीच आसान और सुचारु तरीके से बदलाव कर सके।
इस पहल के तहत बुलेट ट्रेन स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों का पूरा विकास किया जाएगा और उन्हें बसों, टैक्सियों, निजी वाहनों और मध्यवर्ती सार्वजनिक परिवहन जैसे अन्य परिवहन व्यवस्था के साथ जोड़ा जाएगा। इससे हर जगह तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित परिवहन परिवेश मिलेगा।
स्टेशन प्लाज़ा को शहर की अच्छी और सुव्यवस्थित जगहों के रूप में बनाया जा रहा है, जिससे यात्रियों की आवाजाही आसानी से हो सके और यात्रा का अनुभव बेहतर हो। स्टेशन क्षेत्रों के विकास में यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएँ बनाई जा रही हैं, जैसे पार्किंग क्षेत्र, सार्वजनिक व निजी वाहनों के लिए पिकअप एंड ड्रॉप ऑफ ज़ोन्स, सड़क सौंदर्यीकरण का कार्य, पैदल चलने वालों के लिए अच्छे फुटपाथ, जानकारी देने वाली संकेत प्रणाली, आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, सीसीटीवी आधारित निगरानी प्रणाली, लैंडस्केपिंग और वृक्षारोपण। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सार्वजनिक सुविधाएँ और उन्नत अग्निशमन प्रणालियाँ भी इसमें शामिल की जाएँगी।
एनएचएसआरसीएल द्वारा सूरत, बिलिमोरा, वापी, भरूच, आणंद और वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशनों पर एमएमआई और स्टेशन क्षेत्र के विकास हेतु पहले ही अनुबंध दिए जा चुके हैं, जिससे एकीकृत यात्री अवसंरचना के विकास में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का पता चलता है।
अलग-अलग परिवहन साधनों को आसानी से जोड़ते हुए और सार्वजनिक स्थानों को अच्छा तथा हरित बनाते हुए, यह पहल भारत में टिकाऊ और यात्री-केंद्रित परिवहन अवसंरचना बनाने के विज़न को दर्शाती है।
सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति
बिल्डिंग का स्टील स्ट्रक्चरल और रूफ शीटिंग का कार्य पूरा हो गया है और फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। फॉल्स सीलिंग, दीवार और कॉलम क्लैडिंग कार्य, प्लेटफॉर्म और कॉन्कोर्स फ्लोरिंग कार्य प्रगति पर है। ट्रैक का कार्य भी प्रगति पर है।
बिलीमोरा बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति
रेल और प्लेटफॉर्म लेवल स्लैब कास्टिंग कार्य पूरा हो गया है। स्ट्रक्चरल स्टील इरेक्शन कार्य पूरा हो गया है। आर्किटेक्चरल फिनिशिंग और एमईपी (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लम्बिंग) कार्य प्रगति पर है।
आणंद बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति
कॉन्कोर्स, रेल और प्लेटफॉर्म लेवल के लिए स्लैब कास्टिंग पूरी हो गई है। रूफ के लिए स्ट्रक्चरल स्टील कार्य, साथ ही रूफ शीटिंग भी पूरी हो गई है। बिल्डिंग के सामने के भाग के लिए स्ट्रक्चरल स्टील कार्य पूरा हो गया है। स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा चुके हैं, जबकि क्लैडिंग कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति
कॉन्कोर्स और ट्रैक लेवल पर स्लैब कास्टिंग पूरी हो गई है, जबकि प्लेटफॉर्म लेवल पर स्लैब कास्टिंग का कार्य अभी प्रगति पर है। स्ट्रक्चरल स्टील इरेक्शन कार्य भी जारी है।
भरूच बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति
रेल और प्लेटफॉर्म स्लैब कास्टिंग कार्य और बिल्डिंग का स्ट्रक्चरल स्टील इरेक्शन का कार्य पूरा हो गया है। आर्किटेक्चरल फिनिशिंग कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
वापी बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति
रेल और प्लेटफॉर्म लेवल स्लैब कास्टिंग कार्य पूरा हो गया है। स्ट्रक्चरल स्टील इरेक्शन का कार्य पूरा हो गया है। स्टेशन के लिए इलेक्ट्रिकल कार्य प्रगति पर है।

