मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों पर हजारों श्रमिक कार्यरत हैं। श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तथा सुरक्षा के महत्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) द्वारा नुक्कड़ नाटक श्रृंखला ‘प्रयास’ का आयोजन किया गया।
23 फ़रवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित इस अभियान के दौरान मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के विभिन्न निर्माण स्थलों पर लगभग 6000 श्रमिकों को कार्यस्थल सुरक्षा का संदेश दिया गया। दस दिनों तक चली इस श्रृंखला के माध्यम से श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा रोचक और प्रभावी प्रस्तुतियों के जरिए हेलमेट, हार्नेस बेल्ट, सेफ्टी शूज़ और पीपीई (Personal Protective Equipment) किट जैसे सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल के अंतर्गत पूरे कॉरिडोर के 40 निर्माण स्थलों को शामिल किया गया, जिनमें गुजरात के 24 तथा महाराष्ट्र के 16 निर्माण स्थल शामिल हैं। इन स्थलों में स्टेशन, कास्टिंग यार्ड, सुरंग, डिपो, पुल और वायाडक्ट जैसे निर्माण कार्यस्थल सम्मिलित हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं।
इन नुक्कड़ नाटक के माध्यम से श्रमिकों को कई महत्वपूर्ण और व्यवहारिक सुरक्षा संदेश भी दिए गए, जिनमें स्वयं और सहकर्मियों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाना, शॉर्टकट से बचना और निर्धारित नियमों का पालन करना, बिना प्रशिक्षण के कार्य न करना, कार्य प्रारंभ करने से पहले संभावित जोखिमों का आकलन करना तथा कार्यस्थल की स्वच्छता और सावधानी बनाए रखना शामिल है।
पिछले तीन वर्षों से बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण स्थलों पर आयोजित की जा रही यह पहल श्रमिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है। इसके माध्यम से श्रमिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि नियमों और सावधानियों का पालन करते हुए ही सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ कार्य किया जा सकता है।

