मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर ट्रैक बिछाने का काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। गुजरात में विभिन्न स्थानों पर ट्रैक स्लैब इंस्टालेशन और सीएएम (सीमेंट एस्फाल्ट मोर्टार) भरने का कार्य शुरू हो गया है।
गुजरात में अब तक लगभग 160 ट्रैक कि.मी. ट्रैक बेड निर्माण का काम पूरा हो चुका है। लगभग 39,500 ट्रैक स्लैब कास्ट किये जा चुके हैं, जो लगभग 197 ट्रैक कि.मी. के बराबर हैं।
फ्लैश बट वेल्डिंग
फ्लैश बट वेल्डिंग मशीन (एफबीडब्ल्यूएम) का उपयोग करके 25 मीटर लंबी 60 किलोग्राम की रेल को वेल्ड किया जाता है, जिससे वायडक्ट के ऊपर टीसीबी (ट्रैक निर्माण बेस) पर 200 मीटर लंबे पैनल बनते हैं। वर्तमान में चार एफबीडब्ल्यूएम कार्य कर रहे हैं। 1543 से अधिक रेल पैनल (200 मीटर लंबे) वेल्ड किए जा चुके हैं, यानी 154 किलोमीटर से अधिक रेल ट्रैक।
ट्रैक इंस्टालेशन प्रक्रिया को भारत में डिजाइन और निर्मित अत्याधुनिक मशीनों के साथ मशीनीकृत किया गया है। ट्रैक निर्माण मशीनरी के इन मेक इन इंडिया बेड़े में शामिल हैं:
- रेल फीडर कार (आरएफसी)
200 मीटर लंबे पैनल को आरएफसी में लोड किया जाता है और आरसी ट्रैक बेड पर बिछाया जाता है। आरएफसी रेल को आरसी बेड के ऊपर धकेलते हुए आरसी पर अस्थायी ट्रैक बिछाया जाएगा। वर्तमान में, सूरत और आणंद जिले में एक-एक आरएफसी काम कर रहे हैं। आज तक, लगभग 78 ट्रैक किलोमीटर अस्थायी ट्रैक बिछाया जा चुका है।
- ट्रैक स्लैब लेइंग कार (एसएलसी)
प्रीकास्ट ट्रैक स्लैब को वायडक्ट पर उठाया जाता है, विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए एसएलसी पर लोड किया जाता है और ट्रैक बिछाने के स्थान पर ले जाया जाता है। एसएलसी का उपयोग करके, जो एक बार में 5 स्लैब उठा सकता है, ट्रैक स्लैब को आरसी ट्रैक बेड पर सही स्थिति में बिछाया जाता है। वर्तमान में, बिलिमोरा और वडोदरा जिले में एक-एक एसएलसी काम कर रही है।
- सीमेंट एस्फाल्ट मोर्टार इंजेक्शन कार (सीएएम)
आरसी बेड पर ट्रैक स्लैब रखने के बाद, सीएएम कार दूसरे ट्रैक पर चलती है (अर्थात् UP और Down लाइन दोनों पर मानक गेज पर अस्थायी ट्रैक बिछाया जाना है)। यह सीएएम कार सीएएम सामग्री को निर्धारित अनुपात में मिलाती है और उसके बाद, सीएएम मिश्रण को स्लैब के नीचे (विशेष बैग में) इंजेक्ट किया जाता है ताकि अंतिम ट्रैक की आवश्यक लाइन और स्तर बनाए रखा जा सके। वर्तमान में, बिलिमोरा और वडोदरा जिले में एक-एक सीएएम कार काम कर रही है।

